Sunday, November 8, 2026
HomeLatest Newsअकाली दल सत्ता में वापसी के ख्वाब देखना छोड़ दे, अब जवाबदेही...
spot_img

अकाली दल सत्ता में वापसी के ख्वाब देखना छोड़ दे, अब जवाबदेही का समय आ गया है : CM मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फगवाड़ा में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में बारी-बारी से सत्ता हासिल करने का दौर खत्म हो चुका है और राज्य के साथ धोखा करने वालों को अपने कर्मों का हिसाब देना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी का ‘झाड़ू’ पंजाब की राजनीति में फैली गंदगी को साफ कर रहा है और अकाली दल को सत्ता में वापसी के सपने देखने के बजाय अपने किए का जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अकाली दल और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और दोनों ने हमेशा अपने राजनीतिक हितों को जनता के हितों से ऊपर रखा। भगवंत मान ने आरोप लगाया कि अकाली नेताओं ने धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों पर भी राजनीति की और श्री अकाल तख्त साहिब के सामने झूठ बोलने वाले किसी के प्रति वफादार नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी अपने आंतरिक विवादों के कारण कमजोर होती जा रही है और पार्टी का भविष्य संकट में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद पंजाब शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 67 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी सिफारिश और भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि करीब एक हजार आम आदमी क्लीनिक लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है और किसानों की सुविधा के लिए 14 हजार किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और खालों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा 19 टोल प्लाजा बंद किए जाने से लोगों को रोजाना लाखों रुपये की राहत मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है, जबकि ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के माध्यम से राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक लोग इस योजना के तहत 650 करोड़ रुपये से अधिक के मुफ्त इलाज का लाभ उठा चुके हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 18 करोड़ रुपये से अधिक की राशि देने की घोषणा की और कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कपूरथला न जाना पड़े और फगवाड़ा में ही प्रशासनिक सुविधाएं मजबूत की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक मिलनी कार्यक्रम का उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर लोगों की समस्याओं का समाधान करना और विकास को नई गति देना है।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img