जालंधर: पंजाब पुलिस ने रंगदारी वसूली और फायरिंग की वारदातों में शामिल एक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे और जालंधर तथा नवांशहर में कई फायरिंग की घटनाओं की साजिश रचने और उन्हें अंजाम देने में शामिल थे।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, आरोपियों ने पिछले सप्ताह संतोखपुरा स्थित बीएनएस फैशन्स शोरूम पर फायरिंग की थी। इसके बाद शोरूम के मालिक लक्ष्य वर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। इस संबंध में जालंधर के भार्गो कैंप थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क से जुड़े विदेशी हैंडलरों तक पहुंचने के लिए आगे और पीछे के लिंक खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में भी अहम खुलासे हो सकते हैं।



