Monday, November 9, 2026
HomeLatest News'न सिफारिश, न पैसे का खेल'— 523 युवाओं को मिला सरकारी नौकरी...
spot_img

‘न सिफारिश, न पैसे का खेल’— 523 युवाओं को मिला सरकारी नौकरी का तोहफा

मोहाली, 16 जून: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने स्वास्थ्य विभाग में 523 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सरकारी नौकरियों में सिफारिश और पैसे के बल पर भर्ती की पुरानी व्यवस्था को खत्म कर दिया है। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पिछले चार वर्षों में पारदर्शी और योग्यता आधारित प्रक्रिया के तहत 67,563 सरकारी नौकरियां दी हैं, जिससे युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास बहाल हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में पिछले साढ़े चार वर्षों में एक भी भर्ती को अदालत में चुनौती नहीं मिली और न ही कोई परीक्षा पेपर लीक हुआ, जबकि देश के कई हिस्सों में परीक्षा घोटाले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग्य उम्मीदवारों को अब बिना किसी राजनीतिक दबाव या भ्रष्टाचार के अवसर मिल रहे हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 990 आम आदमी क्लीनिक संचालित हो रहे हैं, जहां 107 दवाइयां और 47 जांचें मुफ्त उपलब्ध हैं। अब तक इन क्लीनिकों में 5.54 करोड़ से अधिक ओपीडी विजिट दर्ज की जा चुकी हैं और प्रतिदिन करीब 84 हजार मरीज सेवाएं ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि 400 नए आम आदमी क्लीनिक भी निर्माणाधीन हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत पंजाब के प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें 2,356 मेडिकल और सर्जिकल प्रक्रियाएं शामिल हैं। यह सुविधा पंजाब और चंडीगढ़ के करीब 900 सरकारी एवं पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में उपलब्ध है।

उन्होंने ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान, मुफ्त बिजली योजना और किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने जैसी सरकार की पहलों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब में जीएसटी संग्रह तीन गुना बढ़ा है और इस अतिरिक्त राजस्व का उपयोग विकास एवं जनकल्याण कार्यों पर किया जा रहा है।

नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों की सेवा करने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति पाने वाले 523 युवाओं में 178 मेडिकल अधिकारी, 99 स्टाफ नर्सें, 124 मल्टी-पर्पज हेल्थ वर्कर (पुरुष), 64 मल्टी-पर्पज हेल्थ वर्कर (महिलाएं), 24 डेंटल टीचिंग फैकल्टी, 23 आयुर्वेदिक टीचिंग फैकल्टी सदस्य और अन्य क्लेरिकल व सहायक कर्मचारी शामिल हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. बलवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img