पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने महिला सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए अहम घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रुप ‘सी’ और ‘डी’ श्रेणी की महिला कर्मचारियों, जिनमें स्टाफ नर्स, अध्यापिकाएं और महिला पुलिस कर्मी शामिल हैं, की परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद तैनाती उनके घर से अधिकतम 40 किलोमीटर के दायरे में ही की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई महिला कर्मचारियों ने उन्हें बताया था कि उनकी पोस्टिंग घर से 150 से 200 किलोमीटर दूर होने के कारण उन्हें परिवार से दूर रहना पड़ता है और कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह कर्मचारी-हितैषी फैसला लिया है।
उन्होंने बताया कि महिला कर्मचारी अपने मायके या ससुराल का पता चुन सकेंगी, ताकि उन्हें परिवार और नौकरी के बीच बेहतर संतुलन बनाने में सुविधा हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले से स्वास्थ्य, शिक्षा और पुलिस विभाग समेत विभिन्न विभागों में कार्यरत हजारों महिला कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
भगवंत मान ने कहा कि खुश और संतुष्ट कर्मचारी बेहतर ढंग से काम करता है, इसलिए सरकार कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।



