जालंधर: रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या और ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला किया है। इस फैसले से यात्रियों को आरक्षित सीटें मिलने में आसानी होगी और सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 14624 छेहरटा-वाराणसी एक्सप्रेस में 6 दिसंबर तक स्लीपर श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। वहीं, 12030 अमृतसर-नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में 28 से 30 नवंबर तक एक अतिरिक्त वातानुकूलित चेयर कार कोच जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा अमृतसर-अजमेर के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 19612 और 19614 में 3 दिसंबर से 1 जनवरी तक एक-एक अतिरिक्त AC-3 कोच लगाया जाएगा।
रेलवे के इस फैसले से इन ट्रेनों में यात्रियों की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, सीटों की उपलब्धता में सुधार होने से यात्रियों को भीड़ और टिकटों की कमी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।




