Sunday, November 8, 2026
HomeLatest Newsमोगा में मतदाता सूची अपडेट अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 93.57% मतदाताओं ने...
spot_img

मोगा में मतदाता सूची अपडेट अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 93.57% मतदाताओं ने भरे एन्यूमरेशन फॉर्म

 

मोगा: भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मोगा जिले में मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का कार्य अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। जिला प्रशासन के मुताबिक अब तक 93.57 प्रतिशत पंजीकृत मतदाताओं ने अपने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करा दिए हैं, जबकि शेष मामलों का सत्यापन और दस्तावेजों की जांच जारी है।

डिप्टी कमिश्नर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सागर सेतिया ने बताया कि जिले के कुल 7,58,410 पंजीकृत मतदाताओं तक पहुंचने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर फॉर्म वितरित किए। प्रत्येक परिवार से संपर्क सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ ने कम-से-कम तीन बार दौरा किया। जिन मतदाताओं से संपर्क नहीं हो पाया, उनके घरों पर सूचना स्टिकर भी लगाए गए।

प्रशासन के अनुसार अब तक 7,09,641 मतदाता अपने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर चुके हैं, जबकि 48,769 फॉर्म अभी प्राप्त होने बाकी हैं। लंबित मामलों की जांच के दौरान 14,551 मतदाताओं के निधन, 21,606 लोगों के अन्य स्थानों पर स्थानांतरित होने और 3,096 डुप्लीकेट प्रविष्टियों की पहचान हुई है। इसके अलावा 9,363 मतदाता अनुपस्थित या उनके पते का सत्यापन नहीं हो सका, जबकि 153 अन्य मामलों की भी जांच जारी है।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम नियमानुसार पूरी कानूनी प्रक्रिया अपनाए बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।

उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 804 बूथ लेवल अधिकारी, 80 सुपरवाइजर, 8 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, 20 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी और 4 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों की टीम लगातार कार्य कर रही है। इसके साथ ही गांवों में मुनादी, जागरूकता अभियान, एसएमएस, सोशल मीडिया प्रचार और मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित कर लोगों को फॉर्म जमा कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img