लुधियाना: शहर के शिंगार सिनेमा रोड स्थित एक सरकारी बैंक में 80 वर्षीय बुजुर्ग के साथ एटीएम कार्ड बदलकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक में मौजूद एक युवक ने खाते से जुड़ी प्रक्रिया में मदद करने का भरोसा देकर बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदल दिया और बाद में उनके खाते से दो लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली।
पीड़ित राम लाल, निवासी धर्मपुरा, ने बताया कि उन्होंने अप्रैल महीने में मकान बेचने के बाद मिले करीब 20 लाख रुपये बैंक में नए खाते में जमा करवाए थे। इसके बाद वह कुछ समय के लिए अपने पैतृक गांव करनाल चले गए। 28 जुलाई को जब वह खाते का बैलेंस चेक कराने बैंक पहुंचे तो उन्हें पता चला कि खाते से पहले ही दो लाख रुपये से ज्यादा की रकम निकाली जा चुकी है।
बैंक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि रकम शहर के अलग-अलग इलाकों—गोपाल नगर, बस्ती जोधेवाल, ताजपुर रोड, टिब्बा रोड और सुभाष नगर के एटीएम से निकाली गई थी। जब बैंक अधिकारियों ने बुजुर्ग के पास मौजूद कार्ड की जांच की तो पता चला कि वह उनके खाते का नहीं, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति का ब्लॉक किया गया एटीएम कार्ड था।
पीड़ित का आरोप है कि बैंक में काम करने वाले युवक ने खाता खुलवाने के दौरान एटीएम का लिफाफा खुद खोलकर कार्ड बदल दिया था और किसी को कार्ड न दिखाने की सलाह भी दी थी। कई जगह शिकायत करने के बावजूद सुनवाई न होने पर उन्होंने पुलिस कमिश्नर के पास शिकायत दर्ज करवाई।
मामले की जांच थाना डिवीजन नंबर-3 पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी से अहम जानकारी मिली है और मामले की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि ठगी में कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।



