जालंधर: शेखे रोड स्थित थ्री स्टार कॉलोनी में शनिवार को एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री धुएं और लपटों से घिर गई। फैक्ट्री के अंदर रखे ज्वलनशील केमिकल की वजह से तीन जोरदार धमाके भी हुए, जिनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास की फैक्ट्रियों और रिहायशी इलाके तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

फायर ब्रिगेड अधिकारी रजिंदर कुमार सोहता ने बताया कि आग आदर्श एंटरप्राइज नामक केमिकल फैक्ट्री में लगी थी। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई कर्मचारी आग की चपेट में नहीं आया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग में फैक्ट्री के अंदर रखा केमिकल, कच्चा माल, मशीनें और अन्य सामान पूरी तरह जल गया, जिससे मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं तथा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।



