अमृतसर: विदेश यात्रा करने वाले पंजाब के लोगों के लिए अच्छी खबर है। एयर इंडिया ने अमृतसर एयरपोर्ट से ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा शुरू कर दी है। इस नई सुविधा के जरिए अब यात्री दिल्ली में दोबारा चेक-इन, बैगेज लेने या टर्मिनल बदलने की परेशानी के बिना 27 अंतरराष्ट्रीय देशों के लिए अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत यात्री अमृतसर एयरपोर्ट पर ही अपने अंतिम गंतव्य तक का बोर्डिंग पास प्राप्त कर सकेंगे और यहीं इमिग्रेशन की प्रक्रिया भी पूरी होगी। इसके बाद दिल्ली पहुंचने पर उन्हें सामान दोबारा जमा कराने की जरूरत नहीं होगी, जिससे यात्रा पहले के मुकाबले ज्यादा तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
एयर इंडिया अमृतसर से दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित करेगी। सुबह की उड़ान से लंदन, पेरिस, फ्रैंकफर्ट, रोम, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, मिलान, वियना और अन्य यूरोपीय शहरों तक आसान कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं रात की उड़ान के जरिए न्यूयॉर्क, सैन फ्रांसिस्को, शिकागो, टोरंटो, वैंकूवर, मेलबर्न, सिडनी, सिंगापुर, बाली, फुकेत और दुबई समेत कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शहरों तक पहुंचना आसान होगा।
एयर इंडिया ने बताया कि आने वाले दो महीनों में इनबाउंड ईजी कनेक्ट सेवा भी शुरू की जाएगी। इससे विदेश से अमृतसर आने वाले यात्रियों को दिल्ली के रास्ते ट्रांसफर करने की प्रक्रिया और अधिक सरल हो जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि यह पहल भारत को वैश्विक एविएशन हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों के अनुसार, सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल का उद्देश्य भारतीय यात्रियों को विदेशी ट्रांजिट हब की बजाय देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।
एयर इंडिया के मुताबिक, इस सेवा का लाभ उठाने के लिए भारतीय पासपोर्ट धारकों का डिजी यात्रा (DigiYatra) में पंजीकरण आवश्यक होगा। यात्री इस सुविधा की बुकिंग एयर इंडिया के आधिकारिक प्लेटफॉर्म के माध्यम से कर सकते हैं।



