पंजाब के स्कूल शिक्षकों, स्कूल प्रमुखों और शिक्षा अधिकारियों के लिए राज्य सरकार ने सम्मान पाने का एक बड़ा अवसर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग (सेकेंडरी) ने स्टेट टीचर अवॉर्ड, यंग टीचर अवॉर्ड, एडमिनिस्ट्रेटिव अवॉर्ड और स्पेशल टीचर अवॉर्ड के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पात्र उम्मीदवारों के नाम 3 अगस्त तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भेजे जा सकते हैं।
विभाग की नई गाइडलाइंस के अनुसार, कोई भी शिक्षक या अधिकारी अपने नाम से आवेदन नहीं कर सकेगा। किसी योग्य शिक्षक या अधिकारी का नामांकन केवल दूसरे शिक्षक, स्कूल प्रमुख, इंचार्ज या शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ही कर सकेंगे। इसके साथ ही नामांकन करने वाले व्यक्ति को कम से कम 250 शब्दों का हस्तलिखित विवरण भी अपलोड करना होगा, जिसमें संबंधित शिक्षक की उपलब्धियों और योगदान का उल्लेख होगा।

इन श्रेणियों में दिए जाएंगे अवॉर्ड
- स्टेट टीचर अवॉर्ड: कम से कम 10 वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर चुके शिक्षक, स्कूल प्रमुख और प्रबंधक पात्र होंगे।
- यंग टीचर अवॉर्ड: 3 से 10 वर्ष की नियमित सेवा और प्रोबेशन पूरा कर चुके शिक्षकों को नामांकित किया जा सकेगा।
- एडमिनिस्ट्रेटिव अवॉर्ड: जिला शिक्षा अधिकारी, डाइट प्रिंसिपल, बीपीईओ समेत अन्य पात्र प्रशासनिक अधिकारी आवेदन के दायरे में आएंगे।
- स्पेशल टीचर अवॉर्ड: 7 अक्टूबर 2022 की नीति के तहत नियुक्त शिक्षकों के लिए यह विशेष श्रेणी निर्धारित की गई है।
शिक्षा विभाग का कहना है कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और अधिकारियों को सम्मानित करना तथा बेहतर शिक्षण व्यवस्था को प्रोत्साहित करना है।



