अमृतसर: अमृतसर पुलिस ने हाल ही में हुए नितिन कुमार उर्फ चीकू हत्याकांड का खुलासा करते हुए मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद जम्मू-कश्मीर फरार हो गया था, लेकिन वापस पंजाब पहुंचते ही उसे दबोच लिया गया।
डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि 7 जुलाई को मोटरसाइकिल पर जा रहे नितिन कुमार पर दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया और कई दिनों तक तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज व खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी महकप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किए जाने की संभावना है।



