बरनाला: पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरनाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार सुबह बरनाला-लुधियाना नेशनल हाईवे पर महल कलां टोल प्लाजा के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने पर महल कलां थाना पुलिस, सीआईए स्टाफ और काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने सुबह करीब 5:30 बजे हाईवे पर विशेष नाकाबंदी की। इसी दौरान एक सफेद वरना कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार आरोपियों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी।
पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए कार का पीछा किया। भागने की कोशिश में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरनाला के बख्तगढ़ निवासी कुख्यात गैंगस्टर अरसदीप सिंह उर्फ अर्सी और उसके साथी गुरसरन सिंह, निवासी गांव रोता, जिला मोगा के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि अरसदीप सिंह कई आपराधिक मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
आरोपियों के कब्जे से एक 30 एमएम पिस्तौल, एक .32 बोर पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई वरना कार बरामद की गई है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और पूछताछ के दौरान गैंग के नेटवर्क तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।



