जींद : हरियाणा के जींद से शुक्रवार को देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन की शुरुआत हुई। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन तकनीक पर आधारित ट्रेन संचालन करने वाले दुनिया के चुनिंदा देशों में शामिल हो गया। उद्घाटन के पहले दिन ट्रेन में 270 यात्रियों ने सफर किया, जिनमें करीब 200 स्कूली छात्र भी शामिल रहे। ट्रेन के रवाना होने के दौरान रेलवे स्टेशन पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रेल मंत्रालय के अनुसार, इस ट्रेन का संचालन पर्यावरण के अनुकूल तकनीक पर आधारित है। इसके लिए जींद में विशेष हाइड्रोजन उत्पादन संयंत्र स्थापित किया गया है, जहां पानी की इलेक्ट्रोलिसिस प्रक्रिया से हाइड्रोजन तैयार की जाती है। इस तकनीक से प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी तथा हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे भारतीय रेलवे के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि देश ने हाइड्रोजन रेल तकनीक के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि आधुनिक ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों के विकास और नई तकनीकों को अपनाकर भारतीय रेल लगातार भविष्य की ओर बढ़ रही है।
पहले दिन ट्रेन के संचालन की जिम्मेदारी जींद मुख्यालय के लोको पायलट राजेश कुमार और वरिष्ठ सहायक लोको पायलट गगनदीप सिंह ने संभाली। गगनदीप सिंह ने बताया कि इस तकनीक के संचालन के लिए उन्हें विशेषज्ञों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया था।
उद्घाटन यात्रा पूरी होने के बाद ट्रेन सोनीपत से बिना यात्रियों के वापस जींद लौटी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल नियमित यात्री सेवा शुरू नहीं हुई है। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही इस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू किया जाएगा।



