नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। 29 जून 2026 से लागू हुई कर्मचारी पेंशन योजना-2026 (EPS-2026) के तहत अब 10 साल से पहले नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों के लिए पेंशन और पेंशन फंड की निकासी के नियम पहले जैसे नहीं रहेंगे।
नए प्रावधानों के अनुसार, मासिक पेंशन का लाभ केवल उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा, जिन्होंने कम से कम 10 वर्ष की सेवा पूरी की है। यदि कोई कर्मचारी इससे पहले नौकरी छोड़ देता है, तो वह मासिक पेंशन का पात्र नहीं होगा। हालांकि, उसकी जमा राशि सुरक्षित रहेगी। ऐसे कर्मचारी Withdrawal Benefit के तहत एकमुश्त राशि प्राप्त कर सकते हैं या स्कीम सर्टिफिकेट लेकर भविष्य में किसी अन्य EPFO से जुड़ी नौकरी में अपनी पिछली सेवा अवधि जोड़ सकते हैं।
36 महीने बाद ही मिलेगा Withdrawal Benefit
नई EPS-2026 के तहत नौकरी छोड़ते ही पेंशन फंड की निकासी नहीं की जा सकेगी। अब कर्मचारी अपने खाते में आखिरी पेंशन अंशदान जमा होने की तारीख से 36 महीने (3 वर्ष) पूरे होने के बाद ही Withdrawal Benefit के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, यदि इस दौरान कर्मचारी सेवानिवृत्ति की आयु पूरी कर लेता है, तो उसे तीन साल की प्रतीक्षा नहीं करनी होगी।
ऐसे निकलेगी एकमुश्त राशि
एकमुश्त भुगतान की राशि Table-IV के आधार पर तय की जाएगी। इसके लिए कर्मचारी की पेंशन योग्य वेतन (Pensionable Salary) को Table-IV Factor से गुणा किया जाएगा। यह फैक्टर कर्मचारी की कुल सेवा अवधि के अनुसार अलग-अलग होगा।
उदाहरण के तौर पर, यदि किसी कर्मचारी की पेंशन योग्य वेतन 15,000 रुपये है और उसने 2 साल (24 महीने) तक नौकरी की है, तो उसे करीब 29,850 रुपये का Withdrawal Benefit मिलेगा। वहीं, यदि उसने 5 साल (60 महीने) तक सेवा दी है, तो उसे लगभग 75,300 रुपये की एकमुश्त राशि मिल सकती है।
सरल शब्दों में कहें तो जितनी अधिक सेवा अवधि होगी, उतना अधिक Table-IV Factor लागू होगा और कर्मचारी को मिलने वाली एकमुश्त राशि भी उतनी ही ज्यादा होगी।



