नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में हाल के महीनों में वैज्ञानिकों के लगातार इस्तीफों ने अंतरिक्ष विभाग (DoS) की चिंता बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गगनयान, चंद्रयान-3 और अन्य महत्वपूर्ण मिशनों से जुड़े 100 से अधिक वैज्ञानिक संगठन छोड़ चुके हैं। इसके बाद सरकार ने वैज्ञानिकों के इस्तीफों की मंजूरी से जुड़े नियमों में बदलाव किया है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों में 100 से 120 वैज्ञानिकों ने ISRO से इस्तीफा दिया है। इनमें सबसे अधिक वैज्ञानिक यू.आर. राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (VSSC) से हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, URSC से करीब 80 और VSSC से लगभग 20 वैज्ञानिक नौकरी छोड़ चुके हैं, जबकि कुछ मामलों में अभी अंतिम मंजूरी मिलनी बाकी है।
सूत्रों के अनुसार, इस्तीफा देने वाले अधिकांश वैज्ञानिक निजी अंतरिक्ष कंपनियों में शामिल हो रहे हैं। इनमें कई ऐसे वरिष्ठ अधिकारी भी हैं, जिन्होंने ISRO के बड़े अंतरिक्ष अभियानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई थीं।
इस्तीफा देने वालों में एलवीएम-3 (LVM-3) रॉकेट परियोजना के पूर्व प्रोजेक्ट डायरेक्टर विक्टर जोसेफ, SpaDeX मिशन के एक प्रोजेक्ट डायरेक्टर और चंद्रयान-3 मिशन के प्रोजेक्ट मैनेजर (सिमुलेशन) आदित्य रालापल्ली शामिल हैं। आदित्य और उनकी टीम ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए एक लाख से अधिक सिमुलेशन परीक्षण किए थे।
वैज्ञानिकों के बढ़ते इस्तीफों के मद्देनज़र अंतरिक्ष विभाग ने 14 जुलाई को नया आंतरिक आदेश जारी किया है। अब गगनयान और अन्य राष्ट्रीय महत्व के मिशनों से जुड़े ग्रुप ‘A’ वैज्ञानिकों और तकनीकी अधिकारियों के इस्तीफे संबंधित केंद्रों के निदेशक सीधे मंजूर नहीं कर सकेंगे। ऐसे मामलों को अंतिम स्वीकृति के लिए अंतरिक्ष विभाग (DoS) के पास भेजा जाएगा।
ISRO के चेयरमैन वी. नारायणन ने इस्तीफों की पुष्टि करते हुए कहा कि किसी भी बड़े संस्थान में कर्मचारियों का आना-जाना सामान्य बात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए नियमों का उद्देश्य किसी को रोकना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि महत्वपूर्ण अंतरिक्ष मिशनों पर किसी प्रकार का व्यवधान न आए। यदि कोई वैज्ञानिक संगठन छोड़ता है, तो उसकी जिम्मेदारी दूसरे अधिकारी को सौंपी जाएगी।
फिलहाल ISRO में 14,600 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। हालांकि इस्तीफा देने वाले वैज्ञानिकों की संख्या कुल कर्मचारियों की तुलना में कम है, लेकिन चिंता इस बात की है कि इनमें कई अनुभवी विशेषज्ञ शामिल हैं, जिन्होंने देश के सबसे महत्वपूर्ण अंतरिक्ष अभियानों में अहम भूमिका निभाई है। ISRO की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 के अनुसार, 1,050 वैज्ञानिक, तकनीकी और प्रशासनिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है, लेकिन अनुभवी वैज्ञानिकों की भरपाई तुरंत करना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।



