चंडीगढ़: गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH), सेक्टर-32 के लिए बड़ी खुशखबरी है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने कॉलेज में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों को मंजूरी दे दी है। इसके बाद शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें 150 से बढ़कर 200 हो जाएंगी।
नई सीटों के जुड़ने से अब हर साल 50 और छात्रों को एमबीबीएस में दाखिला लेने का मौका मिलेगा। इससे मेडिकल की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों को काफी फायदा होगा।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि यह मंजूरी संस्थान में बेहतर शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और NMC के तय मानकों को पूरा करने के बाद मिली है। GMCH लंबे समय से मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है।
प्रशासन ने इसे कॉलेज के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि सीटें बढ़ने से अधिक डॉक्टर तैयार होंगे, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
अधिकारियों का मानना है कि यह फैसला न केवल मेडिकल शिक्षा का दायरा बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्र में योग्य डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।



