Sunday, November 8, 2026
HomeLatest Newsपंजाब के स्कूलों के लिए मानसून अलर्ट, शिक्षा विभाग ने जारी किए...
spot_img

पंजाब के स्कूलों के लिए मानसून अलर्ट, शिक्षा विभाग ने जारी किए सुरक्षा निर्देश; समय पर तैयारियां न होने पर उठे सवाल

पंजाब डेस्क: पंजाब में लगातार हो रही बारिश के बीच स्कूलों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूलों के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। विभाग ने स्कूल भवनों, पानी निकासी व्यवस्था, पेयजल टंकियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्कूलों से इन व्यवस्थाओं की रिपोर्ट भी मांगी गई है।

जारी निर्देशों के अनुसार स्कूलों की छतों और पानी निकासी की पाइपों की सफाई, पेयजल टंकियों की नियमित सफाई तथा लाइब्रेरी, कक्षाओं और प्रयोगशालाओं में मौजूद दरारों की मरम्मत कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। विभाग का उद्देश्य बारिश के मौसम में जलभराव, सीलन और संक्रमण जैसी समस्याओं से बचाव करना है।

हालांकि, इन निर्देशों के जारी होने के समय को लेकर कई अध्यापकों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ऐसे रखरखाव और मरम्मत संबंधी कार्य मानसून शुरू होने से पहले मार्च और अप्रैल के दौरान पूरे कर लिए जाने चाहिए थे। अब लगातार बारिश के बीच इन कार्यों को पूरा करना काफी कठिन और जोखिम भरा हो सकता है।

शिक्षकों का यह भी कहना है कि समय रहते पर्याप्त बजट और संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए, जबकि अब स्कूलों से तैयारियों का रिकॉर्ड और रिपोर्ट मांगी जा रही है। उनका मानना है कि यदि आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जातीं तो स्कूलों को बारिश के दौरान इस तरह की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ता।

फिलहाल, शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को मानसून के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img