जालंधर: आदमपुर के गांव मानको में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का जालंधर देहात पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने जांच के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर अपने ही करीबी दोस्त की हत्या करने का आरोप है।
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि थाना आदमपुर के प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस मामले को ट्रेस किया। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव मानको के एक किसान के खेत में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान जगजीत सिंह उर्फ जग्गी मान, पुत्र मोहन सिंह, निवासी सरहिंद (जिला फतेहगढ़ साहिब) तथा वर्तमान निवासी गांव कद्दो, थाना दोराहा (जिला लुधियाना) के रूप में हुई। मृतक शिकायतकर्ता दिलबाग सिंह का करीबी मित्र था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नभप्रीत सिंह उर्फ नभ, पुत्र अवतार सिंह, निवासी गांव शाहपुर, तहसील अमलोह, जिला फतेहगढ़ साहिब इस हत्या में शामिल था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



