अमृतसर: कोट खालसा इलाके में रविवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर अपनी बहन के घर जा रहे युवक पर एक्टिवा सवार दो अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक के सिर में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नितिन उर्फ चीकू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात अपनी मोटरसाइकिल पर बहन के घर जा रहा था। जैसे ही वह घर के नजदीक पहुंचा, पीछे से आ रहे एक्टिवा सवार दो युवकों ने उसे निशाना बनाते हुए कई गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी विशालजीत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस ने हमलावरों में से एक की पहचान कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और वारदात के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नितिन उर्फ चीकू पहले जेल में रह चुका था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।



