अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बटाला के नजदीक स्थित गांव गिल्लांवाली में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे पंक्चर होने के कारण एक ट्रक खड़ा था और उसका चालक टायर बदल रहा था। तभी पठानकोट की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा रेत से लदा टिप्पर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक पलट गया और टिप्पर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद टिप्पर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों, राहगीरों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसएफ (सड़क सुरक्षा बल) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम के अधिकारियों ने बताया कि टिप्पर चालक केबिन में फंसा हुआ था, जिसे रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। समय पर बचाव कार्य होने से उसकी जान बच गई।
वहीं, क्षतिग्रस्त ट्रक के मालिक ने बताया कि वह भी पठानकोट से रेत लेकर आया था और सड़क किनारे ट्रक का पंक्चर टायर बदल रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार टिप्पर ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



