जालंधर के रैणक बाजार क्षेत्र से एक 12 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता बच्ची की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई है, जो पांचवीं कक्षा की छात्रा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, अली मोहल्ले से चार बच्चे एक साथ स्कूल के लिए निकले थे। इनमें से तीन बच्चे स्कूल पहुंच गए, लेकिन सोनी कुमारी स्कूल नहीं पहुंची। जब परिवार ने स्कूल प्रशासन से जानकारी ली तो पता चला कि बच्ची स्कूल परिसर में दाखिल ही नहीं हुई थी।
बच्ची की मां पूजा देवी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसआई राजकुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि बच्ची स्कूल के गेट तक पहुंची थी, लेकिन वहां से वापस लौट गई। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों एवं स्कूल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और बच्ची की जल्द से जल्द सुरक्षित बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। परिवार ने भी प्रशासन से बच्ची को जल्द खोजने की अपील की है।



