पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए खन्ना पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) डॉ. दर्पण अहलूवालिया के नेतृत्व में नशा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे स्टेशन के समीप स्थित वीरान खंडहरों और खाली इमारतों को प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन स्थानों के संबंध में लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि यहां नशे के आदी लोगों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस और नागरिक प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान इन खंडहरों को पूरी तरह हटाकर क्षेत्र को साफ किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन ठिकानों को समाप्त करना भी जरूरी है जहां से ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। इसी सोच के तहत यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त कराने का एक व्यापक जन आंदोलन है। अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे अन्य संभावित ठिकानों की भी पहचान की जा रही है, ताकि नशे और अपराध को जड़ से खत्म किया जा सके।

इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन मिला है। लोगों ने पुलिस और प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए इसे नशा मुक्त पंजाब की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।



