साल 2015 के चर्चित बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में पूछताछ के लिए पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला को तलब किया गया है और वह आज जालंधर स्थित पीएपी (PAP) कॉम्प्लेक्स में एसआईटी के सामने पेश होंगे।
एसआईटी ने विजय सांपला के अलावा फरीदकोट के तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर मालविंदर सिंह जग्गी और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पूर्व ओएसडी गगनदीप सिंह बराड़ को भी समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।
जांच टीम की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि विजय सांपला मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी रखते हैं। इसी आधार पर उन्हें महत्वपूर्ण पहलुओं पर पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।
अधिकारियों का मानना है कि बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड के दौरान प्रशासनिक स्तर पर लिए गए फैसलों को लेकर तत्कालीन फरीदकोट डीसी मालविंदर सिंह जग्गी से भी अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई वर्ष 2015 में थाना बाजाखाना में दर्ज दो अलग-अलग मामलों के संबंध में की जा रही है और एसआईटी घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।



