Monday, November 9, 2026
HomeLatest Newsबैंक पीओ और एलआईसी/जीआईसी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग देगी पंजाब सरकार, 30...
spot_img

बैंक पीओ और एलआईसी/जीआईसी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग देगी पंजाब सरकार, 30 जून तक करें आवेदन

अनुसूचित जाति (एससी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अल्पसंख्यक समुदायों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंजाब सरकार ने प्रोबेशनरी ऑफिसर (बैंक) और असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर (एलआईसी/जीआईसी) परीक्षा-2026 के लिए निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य वंचित वर्गों के प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और समान अवसर उपलब्ध कराकर बैंकिंग एवं बीमा क्षेत्र में सफल करियर बनाने के लिए सशक्त बनाना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी योग्य और प्रतिभाशाली युवा आर्थिक तंगी के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे। सरकार युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन और सहयोग उपलब्ध करा रही है।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि प्रतिभा को आर्थिक सीमाओं के कारण रुकना नहीं चाहिए। सरकार युवाओं को ऐसा मार्गदर्शन और अवसर प्रदान कर रही है, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपने करियर को नई दिशा दे सकें।

उन्होंने बताया कि यह कोचिंग कार्यक्रम अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ करियर्स एंड कोर्सेज, फेज-3बी2, एसएएस नगर (मोहाली) में आयोजित किया जाएगा। पंजाब के स्थायी निवासी एससी, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदायों से संबंधित स्नातक अभ्यर्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों से तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

अभ्यर्थियों का चयन जनरल इंग्लिश, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, रीजनिंग और करेंट अफेयर्स विषयों पर आधारित ऑब्जेक्टिव टाइप प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। यह परीक्षा 3 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ करियर्स एंड कोर्सेज, मोहाली में आयोजित होगी।

इच्छुक उम्मीदवार 30 जून 2026 तक अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों सहित प्राचार्य, अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ करियर्स एंड कोर्सेज, मोहाली के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। आवेदन ई-मेल के माध्यम से ambedkarinstitute013@gmail.com पर भी भेजे जा सकते हैं।

मंत्री ने पात्र युवाओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह पहल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया एवं अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी पंजाब सरकार की वेबसाइट www.welfare.punjab.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img