Monday, November 9, 2026
HomeLatest Newsपंजाब हितैषी फैसलों से बौखलाए विरोधी, धर्म की आड़ में रची जा...
spot_img

पंजाब हितैषी फैसलों से बौखलाए विरोधी, धर्म की आड़ में रची जा रही है बदनामी की साजिश: भगवंत मान

चब्बेवाल (होशियारपुर): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विपक्षी दलों पर धर्म का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब हितैषी फैसले लेने के कारण उन्हें बदनाम करने के लिए साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दल ऐतिहासिक ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम-2026’ को पारित किए जाने को पचा नहीं पा रहे हैं, इसलिए लगातार झूठा प्रचार कर रहे हैं।

चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के गांव बिहाला में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों द्वारा मिले प्यार, सम्मान और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का भारी समर्थन राज्य सरकार की नीतियों और नीयत पर उसके अटूट विश्वास को दर्शाता है।

 

कार्यक्रम में भारी जनसमूह उमड़ा। मुख्यमंत्री को सुनने के लिए न केवल पंडाल बल्कि आसपास के घरों की छतों, बालकनियों और बनेरों पर भी हजारों लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और जनहित में किए जा रहे कार्यों के सम्मान स्वरूप उन्हें श्री साहिब (तलवार) भेंट की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अकाल पुरख की कृपा से ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम-2026’ लाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाओं से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। कई मामलों में आरोपी गिरफ्तार तो हुए, लेकिन कानून की कमियों का लाभ उठाकर सजा से बच निकलते थे। उन्होंने कहा कि कानूनी विशेषज्ञों से विचार-विमर्श के बाद यह विधेयक तैयार किया गया है, जिससे दोषियों को सख्त सजा सुनिश्चित की जा सके।

 

अकाली दल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने कभी ऐसा कानून बनाने की गंभीर कोशिश नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक हितों के कारण बेअदबी के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और अब वही लोग उन्हें बदनाम करने में लगे हुए हैं।

कंडी क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही नहरों का पानी क्षेत्र के अंतिम छोर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के विदेश पलायन को रोकने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास का भागीदार बनाना और शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी नेता जनता के बीच दिखाई नहीं दे रहे क्योंकि लोग राज्य सरकार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के कारण विपक्ष बौखलाया हुआ है और जनता का समर्थन लगातार सरकार को मिल रहा है।

सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी खजाने के प्रत्येक पैसे का उपयोग जनकल्याण के लिए किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने एक निजी थर्मल प्लांट खरीदकर उसका नाम श्री गुरु अमरदास जी के नाम पर रखकर नया इतिहास रचा है।

महिलाओं के लिए शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने इसे महिला सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत पंजाब के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज दिया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दल इस बात से परेशान हैं कि एक सामान्य परिवार का बेटा सफलतापूर्वक राज्य का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता का इन दलों से विश्वास उठ चुका है क्योंकि उनकी नीतियां जनविरोधी और पंजाब विरोधी रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को गुरुओं, संतों और महापुरुषों से जुड़े ऐतिहासिक समारोह आयोजित करने का सौभाग्य मिला है। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जबकि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

इस अवसर पर सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img