अमृतसर: पंजाब सरकार के “मिशन क्लीन पंजाब” के तहत अमृतसर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए रात्रि सफाई अभियान शुरू किया गया है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार तड़के 1 बजे वाल्ड सिटी (विरासत द्वारों के अंदरूनी क्षेत्र) का दौरा कर अभियान का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने गलियों में पैदल घूमकर सफाई व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और श्री दरबार साहिब के आसपास के क्षेत्रों में चल रहे सफाई कार्यों की समीक्षा की।
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि अमृतसर केवल एक शहर नहीं बल्कि आध्यात्मिकता का केंद्र है, इसलिए इसकी स्वच्छता को एक नागरिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि सेवा के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अब शहर में विशेष रात्रि सफाई अभियान रोजाना रात 10 बजे से सुबह 2 बजे तक चलाया जाएगा, ताकि भोर में दर्शन के लिए आने वाली संगत को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सेकेंडरी डंपिंग साइट्स की सफाई, घर-घर कचरा संग्रह व्यवस्था और खुले में कूड़ा फेंकने वाले पुराने डंपिंग पॉइंट्स की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने कई स्थानों पर सुधार के निर्देश दिए और कुछ डंपिंग पॉइंट्स को तुरंत बंद करवाया।
इसके साथ ही उन्होंने रात की ड्यूटी पर तैनात सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और व्यवस्था को और बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया। मंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि इसे नियमित रूप से सख्ती से लागू किया जाएगा और वह स्वयं किसी भी समय औचक निरीक्षण कर सकते हैं।



