अब चलती ट्रेन में भी बुक होगी Confirm Seat, भारतीय रेलवे ला रहा नया सिस्टम
नई दिल्ली: भारतीय रेलवे करोड़ों यात्रियों के सफर को और आसान बनाने के लिए टिकट बुकिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। नए सिस्टम के लागू होने के बाद यात्री ट्रेन के रवाना होने के बाद भी चलती ट्रेन में कन्फर्म सीट बुक कर सकेंगे।रेलवे इसके लिए एक अत्याधुनिक रियल-टाइम डेटा ट्रैकिंग सिस्टम विकसित कर रहा है, जिसके जरिए ट्रेन में खाली पड़ी सीटों और बर्थ की जानकारी सीधे आईआरसीटीसी और रेलवे के ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर लाइव दिखाई देगी।
फिलहाल, यदि कोई यात्री अपनी सीट पर यात्रा नहीं करता है, तो उस खाली सीट की जानकारी केवल ट्रेन में मौजूद टिकट चेकर (TTE) के पास रहती है और उसी के माध्यम से सीट का आवंटन किया जाता है। लेकिन नई व्यवस्था में रेलवे टीटीई को दिए गए हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) डिवाइस को अपग्रेड कर रहा है।

नई तकनीक के तहत जैसे ही टीटीई किसी खाली सीट या बर्थ की जानकारी अपने डिवाइस में अपडेट करेगा, उसका डेटा तुरंत ऑनलाइन सिस्टम से जुड़ जाएगा और आईआरसीटीसी पोर्टल पर रियल टाइम में उपलब्ध हो जाएगा। इससे यात्री सफर के दौरान भी उपलब्ध सीटों की जानकारी देखकर कन्फर्म टिकट बुक कर सकेंगे।
रेलवे का मानना है कि इस पहल से खाली सीटों का बेहतर उपयोग होगा, यात्रियों को आखिरी समय में राहत मिलेगी और टिकट बुकिंग व्यवस्था पहले से अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बन सकेगी।



