उत्तर प्रदेश के लिए 15 जून 2026 का दिन ऐतिहासिक बन गया है। दिल्ली-एनसीआर के दूसरे बड़े हवाई अड्डे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से आज से कमर्शियल पैसेंजर फ्लाइट्स शुरू हो गई हैं। इंडिगो इस एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बनी है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने बेंगलुरु जाने वाली पहली कमर्शियल फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर सेवाओं की शुरुआत की। पिछले एक सप्ताह से रनवे और अन्य आधुनिक सुविधाओं की जांच की जा रही थी, जो सफल रही।
उद्घाटन के तहत इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-2278 सुबह 7:05 बजे लखनऊ से रवाना होकर 8:05 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंची। इस पहली VIP फ्लाइट में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष समेत 75 बड़े कारोबारी शामिल थे।
जेवर एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन देने वाले 170 किसानों, जिनमें 20 महिला किसान भी शामिल हैं, को भी विशेष विमान से लखनऊ ले जाया जाएगा। वहां उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात होगी।

पहले ही दिन यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बेंगलुरु की पहली उड़ान की 180 में से 168 सीटें, हैदराबाद की 138 सीटें और अमृतसर की सभी 103 सीटें पहले ही बुक हो चुकी थीं।
आज सुबह 8:35 बजे नोएडा से बेंगलुरु के लिए पहली फ्लाइट रवाना हुई। इसके बाद शाम को यही विमान वापस नोएडा लौटेगा और फिर लखनऊ के लिए उड़ान भरेगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को आने वाले समय में देश और एशिया के प्रमुख एविएशन हब के रूप में देखा जा रहा है।



