आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ जालंधर में आयोजित बैठक के दौरान व्यापारियों, दुकानदारों और कारोबारियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारी वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और जवाबदेह शासन के प्रति भगवंत मान सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
अरविंद केजरीवाल ने छोटे व्यापारियों को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि पिछली सरकारों के दौरान उन्हें उपेक्षा, परेशानियों और जबरन वसूली का सामना करना पड़ता था, लेकिन मौजूदा सरकार ने ऐसी प्रथाओं पर रोक लगाई है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की छोटी से छोटी समस्या के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए ‘पंजाब राज्य व्यापारी आयोग’ का गठन किया गया है, जिससे व्यापारी वर्ग को राहत मिलेगी।



