मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में पंजाब कैबिनेट ने कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी। कैबिनेट ने 21 जून को होने वाली नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और उनके एक अटेंडेंट के लिए 20 से 22 जून तक पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया।

इसके अलावा, शिक्षा विभाग में 1,013 लेक्चरारों और लोक निर्माण विभाग (PWD) में 156 जूनियर इंजीनियरों की भर्ती को मंजूरी दी गई। लेक्चरार भर्ती के लिए उम्मीदवारों को आयु सीमा में 5 वर्ष की एकमुश्त छूट भी दी गई है।
कैबिनेट ने पटियाला और जालंधर में गीले कचरे से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के लिए दो बायोगैस (CBG) प्लांट स्थापित करने को भी मंजूरी दी। इससे कचरा प्रबंधन, स्वच्छता और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

निवेश और उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026’ में संशोधन को भी मंजूरी दी गई, जिससे कारोबार करना और आसान होगा तथा नए निवेश आकर्षित होंगे।



