Sunday, November 8, 2026
HomeLatest NewsPunjab: सामूहिक सुसाइड या मर्डर? फिरोजपुर में एक ही परिवार के 4...
spot_img

Punjab: सामूहिक सुसाइड या मर्डर? फिरोजपुर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, सभी को लगी थी गोली

पंजाब के फिरोज़पुर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की गोली लगने से मौत ने हिला कर रख दिया है.

पंजाब के फिरोज़पुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की गोली लगने से मौत हो गई. मृतकों में पति, पत्नी और उनकी दो नाबालिग बेटियां शामिल हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
यह घटना फिरोज़पुर के डेरा बाबा राम लाल के नज़दीक स्थित हरमन नगर कॉलोनी की है. यहां रहने वाले अमन सिंह (कुछ पुलिस रिकॉर्ड में अमनदीप) अपनी पत्नी जसवीर कौर और दो बेटियों 10 वर्षीय मनवीर कौर और 6 वर्षीय प्रनीत कौर के साथ रहते थे. अमन सिंह पेशे से सैलून और फाइनेंस के काम से जुड़े हुए थे.

पति-पत्नी और उनकी दोनों बच्चियों के शव बरामद

घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब रोज़ की तरह सुबह घर में काम करने वाली महिला काम पर पहुंची. काफी देर तक दरवाज़ा खटखटाने के बावजूद जब किसी ने दरवाज़ा नहीं खोला, तो उसे शक हुआ. इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया और ऊपर रहने वाले किरायेदारों की मदद से परिवार के रिश्तेदारों को सूचना दी गई. जब दरवाज़ा खुलवाया गया, तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था. घर के भीतर पति-पत्नी और उनकी दोनों बच्चियों के शव पड़े हुए थे. सभी को गोली लगी हुई थी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी गई. शुरुआती जांच में शवों के पास से एक पिस्तौल भी बरामद हुई है. ऐसे में पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह मामला सामूहिक आत्महत्या का है या फिर किसी ने पूरे परिवार की हत्या की है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है.

क्या बोले एसएसपी?

फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि मृतकों की पहचान अमनदीप, उसकी पत्नी जसवीर कौर और दो बच्चियों मनवीर व परनीत के रूप में हुई है. उन्होंने कहा कि शवों के पास से एक पिस्तौल बरामद हुई है, लेकिन फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि गोली उन्होंने खुद चलाई या इसके पीछे कोई और कारण है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी.
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए फिरोज़पुर के सिविल अस्पताल भेज दिया है. वहीं, इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और पड़ोसी भी इस घटना से स्तब्ध हैं. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img