जालंधर: ढिल्लों ब्रदर्स मामले में कपूरथला की अतिरिक्त सेशन कोर्ट ने तत्कालीन थाना डिवीजन नंबर-1 के SHO इंस्पेक्टर नवदीप सिंह समेत तीन पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत दी है। अदालत ने ASI बलविंदर कुमार और महिला कांस्टेबल जगजीत कौर के साथ इंस्पेक्टर नवदीप सिंह को भी केस से डिस्चार्ज कर दिया।
अतिरिक्त सेशन जज गुरमीत टिवाना ने मंगलवार को मामले पर फैसला सुनाते हुए कहा कि अदालत के सामने पेश रिकॉर्ड और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध स्थापित नहीं होता।
मामला 16 अगस्त 2023 की उस घटना से जुड़ा है, जब पुलिस कार्रवाई के बाद मानवजीत सिंह ढिल्लों और उनके छोटे भाई जश्नबीर सिंह ढिल्लों ने गोइंदवाल पुल से ब्यास नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद पुलिसकर्मियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य आरोपों में FIR दर्ज की गई थी।

इसके बाद तीनों पुलिसकर्मियों ने अदालत का रुख करते हुए उन्हें मामले से डिस्चार्ज करने की मांग की थी। कोर्ट ने मामले के रिकॉर्ड, उपलब्ध साक्ष्यों और पूरी परिस्थितियों पर विचार करने के बाद उनकी याचिका स्वीकार कर ली और इंस्पेक्टर नवदीप सिंह, ASI बलविंदर कुमार तथा महिला कांस्टेबल जगजीत कौर को केस से डिस्चार्ज कर दिया।



