एंटरटेनमेंट डेस्क: ‘मिर्जापुर’ के फैंस के लिए बड़ी खबर है। पॉपुलर वेब सीरीज की कहानी अब सिनेमाघरों में बड़े स्तर पर देखने को मिलेगी। फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज से पहले मेकर्स ने PVR INOX के साथ मिलकर एक खास प्रमोशनल कैंपेन शुरू किया है।
इस कैंपेन के तहत देश के चुनिंदा PVR INOX थिएटर्स को ‘मिर्जाPVR’ के नाम और थीम में बदला जा रहा है। इसका मकसद फिल्म की रिलीज से पहले ‘मिर्जापुर’ के फैंस के बीच उत्साह को और बढ़ाना है।
दिल्ली के प्रिया सिनेमा समेत मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद, जयपुर और लखनऊ जैसे शहरों में दर्शकों को इस खास ‘मिर्जाPVR’ एक्सपीरियंस की झलक देखने को मिलेगी। कैंपेन की टैगलाइन “मिर्जाPVR भौकाल अब बड़े पर्दे पर” रखी गई है।
‘मिर्जापुर’ लंबे समय से अपनी दमदार कहानी, चर्चित किरदारों और जबरदस्त फैन फॉलोइंग के लिए जानी जाती है। ऐसे में फ्रेंचाइजी की फिल्म को थिएटर में लाने से फैंस के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने इसे एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब फैंस को इंतजार है कि बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ का ये नया अवतार कितना भौकाल मचाता है।



