जंडियाला गुरु, 23 जून: राज्य के लोक निर्माण मंत्री एवं जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के विधायक स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज वार्ड नंबर 3, 9 और 10 में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में सरकार ने समाज के हर वर्ग के उत्थान और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए कई जनहितकारी योजनाएं लागू की हैं।
स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि मान सरकार अपनी अंतिम चुनावी गारंटी को भी जल्द पूरा करने जा रही है। इसके तहत ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ जुलाई माह से शुरू की जाएगी, जिसके अंतर्गत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये तथा अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जहां ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत प्रत्येक नागरिक को सालाना 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह योजना लाखों परिवारों के लिए राहत का माध्यम बनी है और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग भी अब बेहतर एवं उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा पा रहे हैं।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार लोगों की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।



