चंडीगढ़/जालंधर: पंजाब में सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता का आकलन करने के लिए आज यानी 27 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में एयर रेड और ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत करवाया जा रहा है।
मॉक ड्रिल की शुरुआत रात 8 बजे दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाकर होगी। इसके बाद निर्धारित इलाकों में रात 8:00 से 8:15 बजे तक 15 मिनट का सांकेतिक ब्लैकआउट रहेगा। वहीं, चंडीगढ़ में यह अभ्यास शाम 7 बजे किया जाएगा।
इस दौरान आग बुझाने, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित निकालने और ट्रैफिक व भीड़ नियंत्रण जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं की बिजली सप्लाई सामान्य रहेगी, जबकि निर्धारित क्षेत्रों में घरों की गैर-जरूरी लाइटें बंद रखी जाएंगी। डिप्टी कमिश्नरों को अपने-अपने जिलों में ब्लैकआउट करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मॉक ड्रिल का समापन दो मिनट तक लगातार सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ का संकेत देने के साथ होगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यह केवल एक नियमित अभ्यास है। इसलिए सायरन सुनकर घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।




