जालंधर: शहर के अर्बन एस्टेट इलाके में देर रात एक तेज रफ्तार i20 कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और एक शोरूम में जा घुसी। हादसा करीब रात 3 बजे हुआ। जोरदार टक्कर के कारण शोरूम के शीशे टूट गए और अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के वक्त कार में दो बुजुर्ग सवार बताए जा रहे हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। वहीं, शोरूम बंद होने के कारण अंदर कोई कर्मचारी या ग्राहक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर क्रेन बुलाकर कार को शोरूम से बाहर निकाला गया। कार चालक की ओर से शोरूम को हुए नुकसान की भरपाई करने की बात कही गई है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।



