ग्रेटर नोएडा की एक इलेक्ट्रॉनिक्स चिप निर्माण फैक्ट्री में देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग पर काबू पाने के लिए पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम जब बचाव कार्य में जुटी थी, तभी इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रशासन के मुताबिक आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान भवन की दीवार और लोहे का भारी स्ट्रक्चर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में फायर सर्विस के कई जवान आ गए। हादसे में दमकलकर्मी तीर्थपाल सिंह और रोहित यादव की जान चली गई।
घायल तीनों दमकलकर्मियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है
। अधिकारियों ने बताया कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस, फायर विभाग और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया। मलबे की जांच के साथ-साथ आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जाएगी।



