मोगा: पंजाब पुलिस को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मोगा पुलिस ने एक सुनियोजित आतंकी साजिश का भंडाफोड़ करते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक IED, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और मैगजीन सहित 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल बरामद की गई है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इस पूरे मॉड्यूल का कथित मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि ढालीवाल है, जो वर्तमान में ब्रिटेन में रह रहा है और विदेश से नेटवर्क संचालित कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने उसके निर्देश पर पहले मोगा के थाना सदर पर ग्रेनेड हमला किया था। इसके बाद फिरोजपुर से जम्मू जाने वाली ट्रेन में IED लगाकर बड़े धमाके की साजिश रची गई थी, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।
इस मामले में थाना सदर मोगा में भारतीय न्याय संहिता (BNS), गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, एक्सप्लोसिव एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस साजिश में विदेश से किस तरह की फंडिंग और मदद मिली। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में आतंकवादी गतिविधियों और राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।



