मोगा डेस्क: पंजाब के मोगा में सदर पुलिस स्टेशन पर हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में हमले का मुख्य आरोपी और 4 महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस पूछताछ के जरिए हमले की पूरी साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों और इसके पीछे काम कर रहे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
जांच में गैंगस्टर और अन्य आपराधिक संगठनों से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस को शक है कि इस हमले की योजना विदेश में बैठे किसी अपराधी के इशारे पर बनाई गई हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए ज्यादातर आरोपी फिरोजपुर जिले से संबंधित हैं। इससे पहले मामले की जांच के दौरान जम्मू-कश्मीर से कुछ संदिग्धों के पकड़े जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
गौरतलब है कि 8 जुलाई की रात करीब 3:15 बजे मोगा-फिरोजपुर रोड स्थित सदर पुलिस स्टेशन परिसर में बाइक सवार दो युवकों ने हैंड ग्रेनेड फेंका था। धमाका कम तीव्रता का था, जिसके चलते किसी की जान नहीं गई, लेकिन पुलिस स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में डर का माहौल बन गया था।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और अन्य सबूतों के आधार पर जांच शुरू की। इसी जांच के दौरान पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमले के पीछे की पूरी साजिश और इसके मास्टरमाइंड से जुड़ी जानकारी सामने लाई जाएगी।



