लुधियाना: शहर के रेखी सिनेमा रोड स्थित KVM स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। धमकी मिलने की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना किसी देरी के एहतियातन सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालकर छुट्टी घोषित कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही कमिश्नरेट पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूरे स्कूल परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर क्लासरूम, प्रयोगशालाओं, खेल मैदान, छत और अन्य हिस्सों की गहन तलाशी ली गई।
कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और प्रारंभिक जांच में इसे फर्जी धमकी करार दिया। हालांकि, पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए गए। घटना के दौरान किसी के घायल होने या किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
जांच एजेंसियों का कहना है कि हाल के समय में देश के कई स्कूलों को इस तरह की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।



