पंजाब के जंडियाला गुरु के पास जानियां मोड़ पर शुक्रवार तड़के पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान हाल ही में शेखूपुरा मोहल्ले में एक घर पर हुई फायरिंग की वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह निवासी ज्योतिसर कॉलोनी के रूप में हुई है। डीएसपी बलजीत सिंह और एसएचओ हरपाल सिंह ने बताया कि करीब 36 घंटे पहले शेखूपुरा मोहल्ले में हुई फायरिंग की घटना की जांच के दौरान जानियां मोड़ पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान बाइक पर आए संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 30 बोर का एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।



