Monday, November 9, 2026
HomeLatest Newsअंबाला बोरवेल हादसा: 220 फीट गहरे गड्ढे में गिरा 4 साल का...
spot_img

अंबाला बोरवेल हादसा: 220 फीट गहरे गड्ढे में गिरा 4 साल का मासूम, 21 घंटे बाद मिला शव

अंबाला:
हरियाणा के अंबाला जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिरने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। करीब 21 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार तड़के बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की पहचान निरवैर सिंह के रूप में हुई है। उसे सुबह लगभग 3:40 बजे बोरवेल से बाहर निकालकर तुरंत अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी थी।

यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे अंबाला के धनेओरा गांव में हुआ। निरवैर अपने पिता मनजीत सिंह के साथ खेतों में अपने दादा के लिए खाना लेकर गया था। खेत पहुंचने के बाद पिता काम में लग गए और दादा भोजन करने लगे, जबकि बच्चा पास ही खेल रहा था।

बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते निरवैर खुले बोरवेल के पास पहुंच गया और उसमें मिट्टी डालने लगा। इसी दौरान वह अंदर झांकने के लिए आगे बढ़ा तो बोरवेल के आसपास की गीली मिट्टी धंस गई और उसका संतुलन बिगड़ने से वह गहरे गड्ढे में जा गिरा।

बच्चे के गिरने की आवाज सुनते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया।

लगातार 21 घंटे तक चले अभियान के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

प्रशासन ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसानों और जमीन मालिकों से खुले बोरवेल को सुरक्षित तरीके से बंद रखने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img