नई दिल्ली:
देशभर के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने 1 जुलाई से अपने सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में ₹5 प्रति लीटर और डीजल के दाम में ₹3 प्रति लीटर की कमी की है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब मध्य पूर्व में तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, सरकारी तेल कंपनियों की ओर से फिलहाल ईंधन की कीमतों में किसी प्रकार की कटौती नहीं की गई है।
नई कीमतों के अनुसार, बेंगलुरु में नायरा के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल ₹111.20 और डीजल ₹98.80 प्रति लीटर की दर से उपलब्ध है। वहीं फरीदाबाद में पेट्रोल ₹103 और डीजल ₹98.84 प्रति लीटर बिक रहा है। महाराष्ट्र में कंपनी के पंपों पर पेट्रोल की कीमत ₹111.66 और डीजल की कीमत ₹97.99 प्रति लीटर दर्ज की गई है।
कंपनी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अलग-अलग राज्यों और जिलों में ईंधन की कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है। इसकी वजह स्थानीय करों के साथ-साथ परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी लागत है। मुख्य सप्लाई स्टेशन से अधिक दूरी पर स्थित पेट्रोल पंपों पर कीमतें 20 से 25 पैसे तक अधिक हो सकती हैं।
देशभर में नायरा एनर्जी के करीब 7,000 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं और हाल के महीनों में खुदरा ईंधन कीमतों में यह पहली बड़ी कटौती मानी जा रही है। हालांकि, विभिन्न राज्यों में लागू वैट और अन्य स्थानीय करों के कारण अंतिम कीमतें अलग-अलग रह सकती हैं।
क्यों घटे ईंधन के दाम?
पिछले कुछ हफ्तों में मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के चलते वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया था। आशंका थी कि दुनिया के अहम तेल आपूर्ति मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ में बाधा आने से सप्लाई प्रभावित हो सकती है। लेकिन हालात सामान्य होने और आपूर्ति संबंधी चिंताओं के कम होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिली है।
1 जुलाई को ब्रेंट क्रूड की कीमत लगभग 73 डॉलर प्रति बैरल दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई इस गिरावट का असर अब खुदरा ईंधन कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है।
उपभोक्ताओं को कितना फायदा?
नई दरों के लागू होने के बाद 40 लीटर पेट्रोल भरवाने वाले उपभोक्ताओं को करीब ₹200 की बचत होगी, जबकि इतनी ही मात्रा में डीजल भरवाने पर वाहन मालिकों को लगभग ₹120 कम खर्च करना पड़ेगा।



