पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत जालंधर में तैनात एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के सब-इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, जालंधर जिले के गांव गोहावर की एक महिला की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके भाई के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है और एसआई अमनदीप सिंह परिवार के अन्य सदस्यों को भी केस में फंसाने तथा संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी देकर पैसे मांग रहा था। महिला का आरोप है कि आरोपी अधिकारी पहले ही अलग-अलग मौकों पर 6.50 लाख रुपये ले चुका था और उसकी भाभी का नाम मामले में शामिल न करने के बदले 2 लाख रुपये और मांग रहा था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की बातचीत रिकॉर्ड कर विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया।
इसके बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एसआई को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी के साथ मौजूद कांस्टेबल मनिंदर सिंह सरकारी वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।



