नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 से 72 घंटों के दौरान करीब 19 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ मौसम से जुड़े खतरे भी बढ़ गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय है, जबकि उत्तर और मध्य भारत के कुछ इलाकों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम लेगा करवट
दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यहां हवाओं की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कई स्थानों पर पहले धूल भरी आंधी और उसके बाद बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश
कानपुर, वाराणसी, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं का अनुमान है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पंजाब-हरियाणा में भी अलर्ट
पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में तेज बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने किसानों को फसल और अनाज के सुरक्षित भंडारण को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का खतरा
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और चंबा में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में 16 से 19 जून के बीच कई इलाकों में तेज बारिश और हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
बिहार और झारखंड में बिजली गिरने की आशंका
बिहार के पटना, मधुबनी, पूर्णिया, गया, समस्तीपुर, किशनगंज और भागलपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं, झारखंड के रांची, धनबाद, जमशेदपुर और दुमका समेत कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। मानसून की सक्रियता यहां लगातार बढ़ रही है।
पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का दौर
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, बीरभूम, हुगली और मुर्शिदाबाद में लगातार भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम
राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, उदयपुर, बूंदी और भरतपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कई क्षेत्रों में धूल भरी आंधियां चलने की भी संभावना है, हालांकि तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, धार, विदिशा और कटनी समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 से 72 घंटों में राज्य के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में मानसून दस्तक दे सकता है।
दक्षिण भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय
केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।



