Sunday, November 8, 2026
HomeLatest Newsयात्रियों से भरी बस पलटी खाकर खाई में गिरी, मची चीख-पुकार
spot_img

यात्रियों से भरी बस पलटी खाकर खाई में गिरी, मची चीख-पुकार

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में हरिपुरधार के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ।

सड़क पर जमे पाले की वजह से एक निजी बस फिसल गई और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस चालक समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 52 यात्री घायल हो गए। बस की फ्रंट सीट पर बैठे राज ने बताया कि वह शिमला से कुपवी जा रहे थे। हरिपुरधार से करीब 200 मीटर पहले सड़क पर काफी पाला जमा हुआ था। जैसे ही बस का टायर पाले पर चढ़ा, बस अचानक फिसलने लगी। ड्राइवर ने बस को संभालने के लिए स्टेयरिंग घुमाया, लेकिन बस संतुलन खो बैठी और खाई की ओर चली गई। इसके बाद बस ने एक के बाद एक पांच बार पलटी खाई। राज इस समय क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में इलाज करा रहे हैं।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
बस के पलटते ही अंदर अफरा-तफरी मच गई। चारों तरफ लोगों की चीखें सुनाई देने लगीं। कई यात्री एक-दूसरे के नीचे दब गए। स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और घायलों को निकालने की कोशिश शुरू की। करीब 20 मिनट बाद राहत और बचाव दल भी वहां पहुंच गया।
एंबुलेंस के सायरन से गूंज उठा इलाका
घायलों को बस से बाहर निकालते ही हरिपुरधार क्षेत्र एंबुलेंस के सायरनों से गूंज उठा। जब तक प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, तब तक कई घायल यात्री गंभीर हालत में सड़क और खाई के बीच पड़े रहे। पुलिस और राहत दल के पहुंचते ही बचाव कार्य में तेजी लाई गई और घायलों को एक-एक कर अस्पताल भेजा गया।
एक-दूसरे के नीचे दब गए यात्री
घायल यात्री ललित ने बताया कि जैसे ही बस खाई की तरफ गिरी, लोगों में डर फैल गया। बस पलटियां खाने लगी और इस दौरान कई यात्री एक-दूसरे के नीचे दब गए। बचाव दल के आने तक हालात बेहद भयावह बने रहे और घायल मदद के लिए आवाज लगाते रहे।
बस में थी भारी भीड़, कुछ यात्री छत पर भी बैठे थे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे। कई स्टेशनों से यात्री बस की छत पर भी बैठाए गए थे। हालांकि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां उस समय छत पर कोई सवारी मौजूद नहीं थी। सिरमौर में माघी पर्व नजदीक होने के कारण इन दिनों बसों में अत्यधिक भीड़ देखने को मिल रही है।
हादसे के वक्त सहम गए यात्री
शिमला से हरिपुरधार नानी के घर जा रही दिव्यांशी ने बताया कि बस में काफी भीड़ थी। जैसे ही बस फिसलने लगी, सभी यात्री डर गए। इसके बाद बस खाई की तरफ खिसक गई और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। उन्हें कुछ देर तक समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ।
ओवरलोड बस में 66 यात्री थे सवार
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस 37 सीटर थी, लेकिन उसमें 66 यात्री सवार थे। बस शिमला से कुपवी जा रही थी। बताया जा रहा है कि सड़क पर जमे पाले के कारण बस स्किड हो गई और खाई में गिर गई।
बस के उड़ गए परखच्चे
हादसे में जीत कोच की बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस की छत टूट गई और टायर भी अलग हो गए। स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बस की बॉडी को हाथों से उठाया और घायलों को बाहर निकाला। कई लोग घायलों को पीठ पर उठाकर सड़क तक लेकर पहुंचे।
अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा इलाज
घायलों में से 17 लोगों का इलाज नाहन मेडिकल कॉलेज में 18 का राजगढ़ में 15 का सोलन में चल रहा है। जबकि एक घायल को पीजीआई चंडीगढ़ और एक को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
बस मालिक के परिवार के सदस्य भी थे सवार
हादसे के समय बस मालिक प्रताप सिंह के बेटे राहुल, बेटी आस्था और भतीजी रियांशी भी बस में मौजूद थे। इस हादसे में 9 वर्षीय रियांशी और परिवार के ही 4 साल के मासूम क्यान की मौत हो गई। क्यान की मां घायल हुई हैं।
सरकार ने जांच के आदेश दिए
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा और पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने राहत कार्यों का जायजा लिया। सरकार ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img