Sunday, November 8, 2026
HomeLatest Newsटीम इंडिया ने आसानी से जीता चौथा T20, श्रीलंका को फिर दी...
spot_img

टीम इंडिया ने आसानी से जीता चौथा T20, श्रीलंका को फिर दी करारी शिकस्त

टीम इंडिया ने इस मैच में पहले बैटिंग की और टी20 क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया.

टीम इंडिया ने टी20 सीरीज में श्रीलंका के क्लीन स्वीप करने की ओर एक कदम और बढ़ा दिया है. पहले ही शुरुआती तीनों मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा कर चुकी हरमनप्रीत कौर की टीम इंडिया ने चौथे टी20 में विस्फोटक बैटिंग के दम पर श्रीलंका को 30 रन से हरा दिया. इसके साथ ही 5 मैच की सीरीज में भारत ने 4-0 की बढ़त ले ली और अब वो श्रीलंका का सूपड़ा साफ करने से बस एक जीत दूर है. चौथे टी20 में जीत की स्टार रहीं स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और ऋचा घोष, जिन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी से टीम को 221 रन के रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाया, जिसके जवाब में श्रीलंका 191 रन पर ढेर हो गई.

मंधाना-शेफाली और ऋचा की ताबड़तोड़ बैटिंग

ये मुकाबला भी तिरुवनंतपुरम में ही खेला गया, जहां टीम इंडिया ने तीसरे मैच में जीत दर्ज की थी. रविवार 28 दिसंबर को खेले गए इस चौथे मैच में टीम इंडिया पहली बार सीरीज में पहले बैटिंग के लिए उतरी और बल्लेबाजों ने इसका पूरा फायदा उठाया. पिछले तीनों मैच में बेअसर रहीं उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने आखिर अपनी धाक जमाई और ताबड़तोड़ 80 रन (48 गेंद, 11 चौके, 3 छक्के) कूट दिए. वहीं शेफाली ने लगातार तीसरे मैच में अर्धशतक ठोकते हुए 79 रन (46 गेंद, 12 चौके, 1 छक्का) बनाए.
मंधाना और शेफाली के बीच पहले विकेट के लिए 15.2 ओवर में 162 रन की बेहतरीन ओपनिंग पार्टनरशिप हुई, जिसके दम पर बड़े स्कोर की भूमिका तैयार हुई. इसके बाद रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाने का काम किया ऋचा घोष ने, जिन्हें प्रमोट कर तीसरे नंबर पर भेजा गया था. ऋचा ने इस फैसले को 100 फीसदी सही साबित करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में ही 40 रन (4 चौके, 3 छक्के) ठोक दिए और टीम इंडिया ने टी20 क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया.

तेज शुरुआत के बाद फिसली श्रीलंका

जवाब तो श्रीलंका की ओर से भी धमाकेदार रहा और पावरप्ले में ही हासिनी परेरा (33) ने कप्तान चामरी अटापट्टू के साथ मिलकर टीम को 60 रन तक पहुंचा दिया था. परेरा के आउट होने के बाद कप्तान अटापट्टू ने टीम को 12 ओवर में ही 100 रन के पार पहुंचाकर मुकाबले को रोमांचक बनाया. मगर अटापट्टू (52) के अर्धशतक लगाने के बाद आउट होते ही श्रीलंका की पारी पर ब्रेक लग गए. यहां से भारतीय गेंदबाजों ने मैच में वापसी की और अपनी पकड़ बनाई.
इसमें सबसे अहम किरदार 20 साल की स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने अदा किया, जिन्होंने अटापट्टू और तेजी से रन बटोर रही हर्षिता समराविक्रमा के विकेट लिए. आखिरकार पूरी टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 191 रन तक ही पहुंच पाई, जो टी20 क्रिकेट में इस टीम का सबसे बड़ा स्कोर है. मगर ये भी उसे जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था. आखिरकार 30 रन से जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 4-0 की बढ़त ले ली. भारत के लिए वैष्णवी ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लिए.
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img