जालंधर डैस्क: नकोदर में माथा टेककर घर लौट रहे एक परिवार के लिए सफर आखिरी साबित हुआ। फिल्लौर के हरीपुर खालसा गेट के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और उनकी 6 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, लुधियाना निवासी विनय (38) अपनी पत्नी सुमन (35) और 6 वर्षीय बेटी कवीशा के साथ एक्टिवा पर सवार होकर नकोदर डेरे से माथा टेककर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हरीपुर खालसा गेट के नजदीक एक तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सुमन और उनकी बेटी कवीशा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि कार चालक को भी हादसे में चोटें आई हैं और उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर पुलिस की जांच जारी है।



