नई दिल्ली: एयर इंडिया के दो और पायलट ड्रग टेस्ट में फेल पाए गए हैं। यह कार्रवाई 4 अगस्त 2026 को फुकेत-दिल्ली फ्लाइट AI2379 के अचानक करीब 300 फीट नीचे आने की घटना के बाद एयरलाइन की ओर से शुरू किए गए व्यापक ड्रग टेस्ट अभियान के बीच सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों पायलटों के शुरुआती टेस्ट में संदिग्ध नतीजे सामने आए हैं और अब फाइनल टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने तक दोनों को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है।
एयर इंडिया ने नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत अपने पायलटों के ड्रग टेस्ट कराने शुरू किए हैं। अब तक 300 से अधिक पायलटों की जांच हो चुकी है। आमतौर पर फाइनल रिपोर्ट आने में 24 से 48 घंटे का समय लग सकता है।
इससे पहले AI2379 के पायलट-इन-कमांड के दो यूरिन टेस्ट में मारिजुआना की मौजूदगी पाई गई थी। इसके बाद एयरलाइन ने पायलटों की ड्रग स्क्रीनिंग को और सख्त करने का फैसला लिया। मामले में केबिन क्रू की ओर से भी शिकायत किए जाने की बात सामने आई थी।



