जालंधरः स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब पुलिस को आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक कथित आतंकी मॉड्यूल के सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के तार विदेश में बैठे एक कथित हैंडलर से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने आदमपुर के आसपास एक DLB से ग्रेनेड प्राप्त किया था।
डीजीपी ने कार्रवाई की पुष्टि की
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की गतिविधियों और संभावित साजिश के बारे में जानकारी जुटा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश तेज
मामले में BNS और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। FIR थाना सदर नवांशहर में दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां अब इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य संदिग्धों, स्थानीय मददगारों और विदेश में बैठे कथित हैंडलरों की भूमिका खंगाल रही हैं।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ग्रेनेड कहां इस्तेमाल किया जाना था और इस नेटवर्क को पंजाब में कौन-कौन लोग मदद पहुंचा रहे थे। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।



